– 15 गाँवों के 37 विद्यालयों में की हरित पहल
– विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने का प्रमुख उद्देश्य
रायपुर (mediasaheb.com) : विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने 15 गाँवों के 37 विद्यालयों में फलदार पौधा वितरण एवं पौधारोपण अभियान चलाया। अदाणी पॉवर लिमिटेड (एपीएल), रायपुर के सामाजिक सरोकार के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 3,913 विद्यार्थियों और 174 शिक्षकों सहित कुल 4,087 लोगों को पौधे प्रदान किए गए। विद्यालयों में पौधों के वितरण के साथ पौधारोपण कर विद्यार्थियों को उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस दौरान, एपीएल के आसपास के ग्राम मूरा, मोहरेंगा, चिचोली, गौरखेड़ा, गैतरा, ताराशिव, रायखेड़ा, भाटापारा, सोनतारा, खपरी, खम्हरिया, कोनारी, बरतोरी, बहेसर और छतौद के विद्यालयों को शामिल किया गया। विद्यार्थियों को आम, अमरूद, नींबू, कटहल, चीकू, सीताफल और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे वितरित किए गए। इस पहल के जरिए बच्चों को पौधों के महत्व से परिचित कराने के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।


