मुंबई, (mediasaheb.com)| भारत की प्रमुख मुफ्त, प्रीमियम और विज्ञापन-आधारित वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा, अमेज़न एमएक्स प्लेयर ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल बदले की कहानी पर आधारित ड्रामा सीरीज़ अब होगा हिसाब का ट्रेलर जारी किया। पंजाब की पृष्ठभूमि पर बनी यह सीरीज़ दो भाइयों बॉबी और बंटी मनोचा की कहानी है, जिनकी ज़िंदगी एक अहम घटना के बाद हमेशा के लिए बदल जाती है। इस कहानी के केंद्र में एक बड़ा सवाल है: “अपने लोगों के लिए आप कितनी दूर तक जा सकते हैं?” अरे स्टूडियो द्वारा निर्मित इस शो में संजय कपूर और शहीर मुख्य भूमिकाओं में हैं, इनके साथ मौनी रॉय, अविनाश मिश्रा, निमृत कौर अहलूवालिया, हरमन सिंघा और आशीमा वर्धान भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। अब होगा हिसाब का प्रीमियर 18 जून को होगा और इसे केवल अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर मुफ्त में स्ट्रीम किया जा सकेगा।
ट्रेलर में शहीर और अविनाश मिश्रा द्वारा निभाए गए बॉबी और बंटी मनोचा की ज़िंदगी की एक झलक दिखाई गई है। अपने छोटे भाई को बेहतर भविष्य देने के इरादे से बॉबी दिन-रात मेहनत कर रहा है ताकि बंटी को विदेश भेज सके। उसे विश्वास है कि यही उनके लिए नई ज़िंदगी की शुरुआत होगी। लेकिन जो सपना एक नई उम्मीद के रूप में शुरू होता है, वह जल्द ही एक डरावने सच में बदल जाता है। रहस्यमयी गुमशुदगियों की पृष्ठभूमि में कहानी तब एक अंधेरा मोड़ लेती है, जब संजय कपूर द्वारा निभाया गया ताकतवर और प्रभावशाली व्यक्ति गोल्डी, बंटी को एक शानदार मौका देता है। इसके कुछ समय बाद ही बंटी अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो जाता है और वह उन कई लोगों की सूची में शामिल हो जाता है, जिनके गायब होने की कोई वजह पता नहीं चलती। जैसे-जैसे और लोग लापता होने लगते हैं, बंटी खुद को शक, धोखे और झूठे आरोपों के खतरनाक जाल में फंसा हुआ पाता है। अपने भाई के भविष्य और ज़िंदगी को बचाने के लिए बॉबी समय के खिलाफ एक मुश्किल दौड़ में उतर जाता है। जैसे-जैसे राज खुलते जाते हैं और खतरा बढ़ता जाता है, एक सवाल बाकी रह जाता है: बॉबी अपने भाई को बचाने और सच्चाई सामने लाने के लिए कितनी दूर तक जाएगा?
अमेज़न एमएक्स प्लेयर के डायरेक्टर और कंटेंट हेड, अमोघ दुसाद ने कहा, “अब होगा हिसाब भाईचारे, बदले और इनके बीच छिपी जटिल भावनाओं की एक बेहद रोमांचक कहानी है। संजय कपूर, शाहीर, मौनी रॉय, अविनाश मिश्रा और कई अन्य कलाकारों की शानदार कास्ट और बेहतरीन कहानी के साथ, यह सीरीज़ दमदार और यादगार परफॉर्मेंस देती है। अमेज़न एमएक्स प्लेयर में हमारा प्रयास हमेशा ऐसी कहानियां दर्शकों तक पहुंचाने का रहा है, जो भारत की मिट्टी से जुड़ी हों और देशभर के लोगों के दिलों को छू सकें, वह भी बिल्कुल मुफ्त। अब होगा हिसाब इसी सोच का प्रतिबिंब है, जो सच्ची और प्रभावशाली कहानी को ऐसे विषयों के साथ जोड़ती है, जिनसे हर कोई खुद को जोड़ सकता है। हम ट्रेलर को दर्शकों के सामने लाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उन्हें इस दिलचस्प सफर का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हैं।”
गोल्डी की भूमिका निभा रहे संजय कपूर ने बताया कि उन्हें यह सीरीज़ क्यों पसंद आई,“मुझे ‘अब होगा हिसाब’ की ओर सबसे ज्यादा इसके किरदारों की गहराई और इसकी अनोखी दुनिया ने आकर्षित किया। इस सीरीज़ की एक बात जो मुझे व्यक्तिगत रूप से बहुत पसंद आई, वह यह है कि इसमें रिश्तों और उन भावनाओं को खूबसूरती से दिखाया गया है, जो हम सभी की ज़िंदगी से जुड़ी हुई हैं। कहानी कई परतों वाली है, इसमें कई ऐसे मोड़ हैं जिनका अंदाज़ा लगाना मुश्किल है। अमेज़न एमएक्स प्लेयर के साथ एक बार फिर जुड़ना मेरे लिए खुशी की बात है। मैं दर्शकों के इस सीरीज़ को देखने और इसके पीछे छिपी हर चीज़ को समझने को लेकर बहुत उत्साहित हूं।”
अपने किरदार बॉबी और कहानी की भावनात्मक गहराई के बारे में बात करते हुए, शहीर ने कहा,“बॉबी के किरदार की जो बात मुझे सबसे पहले पसंद आई, वह है अपने चाहने वालों, खासकर अपने भाई के प्रति उसकी अटूट निष्ठा। अंदर से वह ऐसा इंसान है, जो अपने परिवार की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। यही भावना सीरीज़ में उसके हर फैसले को प्रभावित करती है। इस सफर को पर्दे पर जीवंत करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है। मैं अमेज़न एमएक्स प्लेयर के साथ ऐसी कहानी का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं, जिसमें भावनाएं, ड्रामा और रोमांच भरपूर है। मैं दर्शकों के इस रोमांचक दुनिया से जुड़ने और बॉबी के सफर को देखने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।”
अपनी स्ट्रीमिंग डेब्यू सीरीज़ अब होगा हिसाब के बारे में बात करते हुए, अविनाश मिश्रा ने कहा,“बंटी का किरदार कई परतों वाला है। उसे निभाना मेरे लिए एक सीखने वाला अनुभव रहा, क्योंकि यह किरदार दिल और गहराई से जुड़ा हुआ है। संजय सर, निमृत और शहीर के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा, जिन्होंने इस सफर को यादगार बना दिया। मेरी पहली OTT सीरीज़ और अमेज़न एमएक्स प्लेयर के साथ मेरा पहला प्रोजेक्ट होने के कारण यह शो मेरे लिए बेहद खास है। मैं दर्शकों के सामने बंटी के सफर और इस कहानी की दुनिया को पेश करने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”
अरे स्टूडियो के सीईओ नमित शर्मा ने कहा, “अब होगा हिसाब एक भावनात्मक ड्रामा है, जो रिश्तों, वफादारी और उन फैसलों की कहानी को दिखाता है, जो हमारी ज़िंदगी को बदल देते हैं। बेहतरीन कलाकारों की टीम और शानदार क्रू ने मिलकर इस कहानी को जीवंत बनाया है। हमें अमेज़न एमएक्स प्लेयर और इस सीरीज़ से जुड़ी रचनात्मक टीम के साथ काम करके बेहद खुशी हुई है। इस साझेदारी ने इस कहानी को सच्चाई और बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने में मदद की है। हम 18 जून को अब होगा हिसाब के प्रीमियर के साथ दर्शकों को इस सफर का अनुभव कराने के लिए उत्साहित हैं।”
अब होगा हिसाब 18 जून से केवल अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर मुफ्त में स्ट्रीम होगी। यह सीरीज़ मोबाइल डिवाइस, कनेक्टेड टीवी, अमेज़न शॉपिंग ऐप, प्राइम वीडियो, फायर टीवी, जियोटीवी और एयरटेल एक्सस्ट्रीम पर उपलब्ध होगी।


