18 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी पहुंचे राजधानी में
रायपुर, (mediasaheb.com)। रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई मैदान में बच्चों के लिए 46वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर तक किया जायेगा। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और स्कूल शिक्षा मंत्री डाॅ प्रेमसाय सिंह टेकाम, महापौर रायपुर प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या 5.30 से सात बजे तक आयोजित किए जायेंगे । प्रतिदिन दो वैज्ञानिकों के व्याख्यान 16 से 18 अक्टूबर तक प्रातः नौ बजे से 10.30 बजे तक होंगे। प्रतिभागियों को शैक्षणिक भ्रमण 20 अक्टूबर को कराया जाएगा। प्रदर्शनी की तैयारी के संबंध में सोमवार सुबह स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तैयार किये जा रहे पण्डालों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित प्रादर्श एवं माॅडलों का मुख्य विषय ‘‘जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान’’ है। प्रादर्श (एक्जीबीशन) और माॅडलों को छह विषयों में विभाजित किया है इनमें- कृषि एवं जैविक खेती, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन एवं संचार और गणितीय प्रतिरूपण शामिल है।
राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से 400 प्रतिभागी विद्यार्थी और 200 मार्गदर्शक शिक्षक शामिल होंगे। प्रदर्शनी में 147 प्रदर्शों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 22 प्रादर्श भी शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभागियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 18 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से 151 प्रतिभागी विद्यार्थी और 26 मार्गदर्शक शिक्षक पहुंच चुके हैं । जिन राज्यों के प्रतिभागी दल आ चुके है उनमें गोवा, गुजरात, हरियाणा, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, तेलगांना, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, चण्डीगढ़, दिल्ली, आसाम और मेजबान छत्तीसगढ़ शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संगठनों में केन्द्रीय विद्यालय, सीबीएसई, एनसीईआरटी के दल भी आ चुके हैं। स्टेट पवेलीयन में राज्य में प्रमुख योजनाओं पर आधारित नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी, मल्टी मीडिया पाठ्यपुस्तकें, एससीईआरटी के प्रकाशन और दीक्षा की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। (हि.स.)

