लोकवाणी’ में भूपेश ने प्रदेशवासियों को दी ‘स्वास्थ्य तथा मातृ शक्ति’ पर केन्द्रित योजनाओं की जानकारी
रायपुर, (mediasaheb.com)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को ’स्वास्थ्य एवं मातृशक्ति’ पर आधारित मासिक रेडियो कार्यक्रम लोकवाणी के तीसरे प्रसारण की शुरूआत दाई-बहिनी, सियान-जवान, लइका जम्मो मन ला जय जोहार से की। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में इस सरल और सरस संबोधन के साथ पूरे वातावरण को सहज बना दिया। मुख्यमंत्री ने मासिक रेडियो वार्ता में छत्तीसगढ़ की संस्कृति में मातृशक्ति की पूजा की परम्परा का उल्लेख कर उनका नमन करते हुए अपनी बात की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री की मासिक रेडियो वार्ता ‘लोकवाणी’ का श्रोताओं से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस कार्यक्रम में श्रोताओं की लगातार बढ़ रही भागीदारी ने इस कार्यक्रम को और अधिक उपयोगी बना दिया है। श्रोता सरकार की योजनाओं पर अच्छे फीडबैक के साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दे रहे हैं। लोकवाणी में माताओं-बहनों ने राज्य सरकार के सुपोषण अभियान की सराहना करते हुए इसे गर्भवती और शिशुवती माताओं के लिए बताया फायदेमंद बताया। खैरागढ़ में एक श्रोता से स्वास्थ्य सेवाओं के हाल और पोषण पुनर्वास केन्द्र के संचालन पर मिले फीडबेक पर मुख्यमंत्री लोकवाणी में ही कहा कि खैरागढ़ में 50 बिस्तर का अस्पताल खुलेगा और खैरागढ़ सहित पूरे प्रदेश में ‘पोषण पुनर्वास केन्द्रों’ के सुचारु संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में यह जानकारी भी दी कि आगामी 27, 28 और 29 दिसंबर को राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विकासखण्ड स्तर पर प्रतियोगिता होगी। चुने हुए नृत्य दल जिला तथा राज्य स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इससे ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। महोत्सव में पूरे देश से आए आदिवासी नृत्य दलों का प्रदर्शन भी होगा, जो छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक तौर पर पूरे देश और दुनिया से जोड़ेगा।(हि स )

