छत्तीसगढ़ में ‘जामिया’ नही दुहराने दिया जाना चाहिए: भाजपा
रायपुर (mediasaheb.com) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालयों में हुई कुलपति नियुक्ति के संबंध में सीएम भूपेश बघेल के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम ने कुलाधिपति-राज्यपाल के बारे में जिस चुनौतीपूर्ण लहजे का इस्तेमाल किया है, लोकतंत्र में इसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि छापेमारी में अरबों का घोटाला सामने आने पर संघीय ढांचे की दुहाई देने वाले सीएम ऐसे समय संघीय ढांचे की मर्यादा भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी विश्वविद्यालय को ‘जामिया’ नही बनने दिया जा सकता, न ही कांग्रेस की सस्ती राजनीति के लिए कैंपस का इस्तेमाल करने दिया जाएगा। श्रीवास्तव ने सीएम के ऐसे बयान को उकसाऊ प्रकृति का कहा है। उन्होंने चेताया कि ऐसे में अगर कोई अप्रिय हालात होते हैं तो इसकी पूरी जिम्मदारी शासन की होगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारिता विश्वविद्यालय समेत हाल में कुलाधिपति द्वारा की गई नियुक्तियां विधिक प्रकिया के तहत हुई है। ये नियुक्तियां विचारधारा के आधार पर नही बल्कि पात्रता के आधार पर की गई है। दरअसल इसी बात की खीझ है कांग्रेस को जिसे वह कैंपसों पर उतारना चाहती है। श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारिता विश्वविद्यालय में आज कांग्रेस के लोगों द्वारा जो हुड़दंग किया गया है, वह ऐसे ही उकसाऊ बयान का नतीजा है। ऐसे बयानों की उम्मीद मुख्यमंत्री से नहीं की जा सकती है। उन्होंने कैंपसों में पढ़ाई-लिखाई का माहौल बनाए रखने की मांग की है।


