नई दिल्ली, (mediasaheb.com) । वित्त मंत्री सीतारमण ने लोकसभा में कहा कि विवाद से विश्वास योजना से लोगों को मामले का निपटारा करने में होने वाले खर्च और समय की बचत होगी। संसद में एक प्रश्न के जवाब में कहा कि आम बजट में घोषित प्रत्यक्ष कर विवाद निपटारा योजना से धन और समय भी बचेगा। दरअसल विभिन्न अदालतों एवं पंचाटों सहित अपीलीय निकायों में प्रत्यक्ष कर से जुड़े करीब 9.32 लाख करोड़ रूपये के 4.83 लाख मामले लंबित हैं।
वित्त मंत्री ने दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बीच प्रत्यक्ष कर ‘विवाद से विश्वास‘ विधेयक 2020 को चर्चा एवं पारित होने के लिए सदन की पटल पर रखते हुए कहा कि यह योजना कर विवाद के मामलों के निपटारे के लिए विकल्प देगी। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को मामले का निपटारा करने में होने वाले खर्च और समय बचाने में काफी मदद मिलेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने विवादों को कम करने के लिए कदम उठाए हैं। ऐसी ही एक योजना अप्रत्यक्ष कर विवाद के मामले में भी घोषित की गई थी। उल्लेखनीय है कि ‘विवाद से विश्वास’ योजना के तहत एक करदाता को केवल विवादित करों की राशि का भुगतान करना होगा। क्योंकि, इस योजना के तहत उसे ब्याज एवं जुर्माने पर पूरी तरह से छूट मिलेगी, बशर्ते वह 31 मार्च, 2020 तक इसका भुगतान करे। (हि.स.)


