अहमदाबाद, (mediasaheb.com) 19 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोडवाडिया ने कहा भाजपा, कांग्रेस विधायकों को लुभाने के लिए पैसे के साथ-साथ धमकी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होने सत्ताधारी बीजेपी पर विधायकों की खरीद फ़रोख़्त का आरोप लगाया है।
गुरुवार को दो और शुक्रवार को एक और विधायक के इस्तीफे के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने बचे सभी 65 विधायकों को अलग-अलग रिजॉर्ट में भेज दिया है और इन सभी रिजॉर्ट की जिम्मेदारी बड़े नेताओं को सौंपी गई है।
गुजरात के उत्तरी क्षेत्र के 21 विधायकों को अम्बाजी के रिजॉर्ट में भेजा गया है। राजकोट के निलसिटी रिजॉर्ट में सौराष्ट्र के विधायकों को बुलाया गया ताकि सौराष्ट्र से और विधायक न टूटें। बता दें कि शुक्रवार को गुजरात के मोरबी से कांग्रेस विधायक बृजेश मेरजा ने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले गुरुवार को वडोदरा की कर्जन से विधायक अक्षय पटेल और वलसाड की कपराडा से जीतू चौधरी ने इस्तीफ़ा दिया था। वहीं इसी साल मार्च में पांच विधायकों ने पार्टी छोड़ दिया था। पिछले तीन महीने में अब तक कांग्रेस के कुल आठ विधायक पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव: 103 भाजपा 65 कांग्रेस के विधायक
गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में सत्ताधरी बीजेपी के पास 103 और कांग्रेस के 65 विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए दोनों ही पार्टी को कम से कम 34 वोट की ज़रूरत है।यानी कांग्रेस को दो सीट जीतने के लिए कम से कम 68 वोट चाहिए लेकिन विधायकों के इस्तीफे के बाद ऐसा कर पाना उसके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

