मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी जी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया
रायपुर (mediasaheb.com) आबूरोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुखिया राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी का गुरुवार को निधन हो गया। 93 वर्ष की आयु में उन्होंने मुंबई के सैफी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।
एयर एंबुलेंस से उनकी पार्थिव देह को ब्रह्माकुमारी के आबू रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन लाया जाएगा। 12 मार्च को उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए शांतिवन में रखा जाएगा। 13 मार्च को सुबह माउंट आबू के ज्ञान सरोवर अकादमी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी जी (जिन्हें सब गुलजार दादी कहते थे) के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि दादी हृदयमोहिनी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उन्होंने आज शरीर का त्याग कर दिया है। महाशिवरात्रि के दिन ही वह कैलाशवासिनी हो गयी हैं। उन्हें कोटि-कोटि प्रणाम एवं विनम्र श्रद्धांजलि। (the states. news)

