- ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट ’इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़ 2022’ का आयोजन
- नवा रायपुर में 27 जनवरी से 1 फरवरी 2022 तक
- मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आयोजन की औपचारिक घोषणा की: वेबसाइट और लोगो किया लांच
- छत्तीसगढ़ शासन और कंसलटेंसी फर्म ’विएक्सपोइंडिया’ के
मध्य एमओयू पर किए गए हस्ताक्षर - राज्य सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के लिए स्थल निःशुल्क उपलब्ध कराएगी
- राज्य सरकार की नयी औद्योगिक नीति से पूंजी निवेश
के लिए बना सकारात्मक वातावरण - पौने तीन साल में 132 एमओयू के जरिए 58,950 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश
प्रस्तावित, 1564 नयी औद्योगिक इकाईयां हुई स्थापित
रायपुर, (media saheb.com) छत्तीसगढ़ में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए नवा रायपुर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2022 ’इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़’ का आयोजन 27 जनवरी 2022 से 01 फरवरी 2022 तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित ’इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़ परियोजना’ के उद्घाटन समारोह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2022 की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर इन्वेस्टगढ़-छत्तीसगढ़ का लोगो (प्रतीक चिन्ह) और वेबसाइट लांच की।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और पूंजी निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार ने उद्योग हितैषी नई औद्योगिक नीति तैयार की है। राज्य में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए आवंटित भूमि की दरों में 30 प्रतिशत तथा लीज रेंट की दरों में एक प्रतिशत की कमी करने के साथ औद्योगिक भूमि को फ्री-होल्ड, आंशिक हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल किया गया है। उद्योगों के लिए सिंगल विन्डो स्थापित करने के साथ अनेक रियायतें और विशेष पैकेज तथा परिवहन अनुदान की सुविधा देने जैसे कदम उठाए गए है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में निवेश के फायदों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य शासन की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहन के साथ अच्छी परिवहन प्रणाली, बढ़िया कानून व्यवस्था, भरपूर पानी, देश के प्रमुख बाजारों तक आसान पहुंच, कम उत्पादन लागत जैसे बहुत से लाभ उद्योगों को मिलते है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बावजूद छत्तीसगढ़ में अर्थव्यवस्था गतिशील बनी रही। कृषि जैसे अनेक महत्वपूर्ण काम रूकने नहीं दिया गया। श्री बघेल ने कहा कि ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट के दौरान राज्य सरकार द्वारा स्थानीय कम्पनियों और उद्योगों के लिए ‘गो-ग्लोबल‘ की पहल की जाएगी ताकि स्थानीय उद्योगपति भी वैश्विक स्तर पर अपने व्यवसाय का प्रसार कर सके। For English News : the states.news

