रायपुर (media saheb.com) । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नागपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ राज्य में तीन नये राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री नईदिल्ली के प्रवास के पश्चात नागपुर पहुंचे थे। उन्होंने यहां केन्द्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात कर उन्हें दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी और राज्य में सड़क विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य में भोपालपट्नम-तारलागुड़ा मार्ग के डामरीकरण, रायपुर शहर के टाटीबंध में फ्लाईओव्हर और पतरापाली कटघोरा मार्ग के उन्नयन के लिए केंद्रीय मंत्री गडकरी को धन्यवाद दिया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग और सैद्धांतिक राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, उन्नयन, पुर्ननिर्माण हेतु 11024.39 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यो को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।For English News : the states.news

