मुंबई ( mediasaheb.com) पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है। यह महामारी भारत में भी तेजी से अपना पैर प्रसार रही है जिस कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने देश में 21 दिन का लॉकडाउन लगाया है। वहीं इस महामारी के बढ़ते प्रकोप और लॉकडाउन के कारण जनता को कई मुश्किलों का सामना कर रहा है। मनोरंजन जगत में भी इस महामारी के कारण सभी तरह ही शूटिंग को पहले ही बंद किया जा चुका है।
वहीं इस संकट की घड़ी में इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे देश की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन, अजय देवगन, रोहित शेट्टी, शाहरुख खान आदि के बाद इस मुहीम में अब टेलीविजन क्वीन के नाम से मशहूर निर्माता-निर्देशक एकता कपूर का भी नाम जुड़ गया है।एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर घोषणा की है कि वह बालाजी टेलीफिल्म्स से अपनी एक साल की सैलरी यानी 2.5 करोड़ रुपये नहीं लेंगी।
एकता कपूर ने देश की जनता से सुरक्षित रहने की अपील करते हुए ट्वीट किया-‘कोरोना संकट का प्रभाव बहुत बड़ा और बहुआयामी है। हम सभी को ऐसी चीजें करने की जरूरत है जो हमारे आसपास और हमारे देश के लोगों की परेशानियों को कम करने में मददगार हो। यह मेरी पहली और प्रमुख जिम्मेदारी है कि मैं उन सभी फ्रीलांसरों और दिहाड़ी मजदूरों की देखभाल करूं, जो बालाजी टेलीफिल्म्स में काम करते हैं। शूटिंग रुकने के कारण उन पर भारी दवाब आ गया है और उन्हें नुकसान भी हुआ है। मैं घोषणा करती हूं कि मैं बालाजी टेलीफिल्म्स में अपनी एक साल की सैलरी नहीं लूंगी, जो 2.5 करोड़ रुपये है। जिससे मेरे साथ काम करने वाले वर्कर्स को इस संकट और पूरे लॉकडाउन के समय में कोई परेशानी ना हो। आगे इससे बचने का केवल एक ही रास्ता है, साथ रहिए… सुरक्षित रहिए, स्वस्थ रहिए!’
एकता कपूर के इस सराहनीय कार्य की काफी प्रशंसा हो रही है। देश में अब तक कोरोना वायरस से लगभग 2500 से भी ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि 56 लोगों की मौत हो चुकी है। इस महामारी से बचने के लिए बॉलीवुड हस्तियां लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से घर में सुरक्षित रहने और लॉकडाउन का पालन करने की अपील कर रही है। ( हि स )

