नई दिल्ली,(mediasaheb.com)। आयकर विभाग ने कोविड-19 की महामारी के दौर में कुल 62,361 करोड़ रुपये का रिफंड दिया है। विभाग ने ये रिफंड लगभग 20 लाख से भी ज्यादा आयकरदाताओं को दिया है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को ट्वीट करके ये जानकारी दी।
आयकर विभाग के मुताबिक आयकरदाताओं को टैक्स रिफंड प्रति मिनट 76 केस के हिसाब से किया गया। वहीं, विभाग का ये आंकड़ा 8 अप्रैल से 30 जून 2020 तक का है। वहीं, कोविड-19 के संक्रमण और लॉकडाउन की इस अवधि में सीबीडीटी ने 20.44 लाख से भी अधिक मामलों में टैक्स रिफंड किया है। सरकार के निर्देश पर ये रिफंड इसलिए किए गए, ताकि कोरोना महामारी के इस दौर में करदाताओं की मदद की जा सके।
विभाग ने कहा कि वह न केवल टैक्सफेयर फ्रेंडली है, बल्कि कोविड-19 की महामारी जैसे मुश्किल घड़ी में वह करदाताओं को पैसे भी मुहैया कराता है। आयकर विभाग ने कुल टैक्स रिफंड में से 23,453.57 करोड़ रुपये 19,07,853 टैक्सपेयर्स को दिए हैं, जबकि 38,908.37 करोड़ रुपये कॉरपोरेट टैक्स के 1,36,744 मामलों में रिफंड किया गया है।
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग ने ये पैसे पूरी तरह से ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जो सीधे टैक्सपेयर्स के बैंक खातों में भेजे गए। दरअसल पहले की तरह ही इस बार भी किसी को आयकर विभाग को रिफंड के लिए रिक्वेस्ट नहीं करनी पड़ी। सीबीडीटी ने कहा है कि सभी आयकरदाता (टैक्सपेयर्स) तुरंत ही ई-मेल का जवाब दें, ताकि जिनका रिफंड अभी नहीं मिल सका है, उन्हें भी मिल जाए। (हि.स.)(#thestates.news)

