एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय की तनु भान की ऐतिहासिक उपलब्धि
एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में सर्वश्रेष्ठ कैडेट; प्रधानमंत्री के हाथों स्वर्ण पदक से सम्मानित
पुणे (mediasaheb.com) : एमआईटी आर्ट, डिज़ाइन एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की कैडेट, जूनियर अंडर ऑफिसर (जेएनओ) तनु भान ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) में 36 महाराष्ट्र बटालियन का प्रतिनिधित्व करते हुए देश की सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट बनने का गौरव प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
तनु भान के साथ एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय के कैडेट व्यंकटेश अय्यर ने भी एनसीसी 36 महाराष्ट्र बटालियन में स्थान प्राप्त कर गणतंत्र दिवस परेड में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया, जिससे महाराष्ट्र के साथ-साथ विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ।
इन दोनों कैडेट्स का महाराष्ट्र से ‘बेस्ट कैडेट’ के रूप में चयन होने के पश्चात देश के 17 निदेशालयों के अंतर्गत 20 लाख से अधिक एनसीसी कैडेट्स के बीच उच्चतम स्तर की प्रतिस्पर्धा हुई। इस दौरान तनु भान ने उत्कृष्ट अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और अथक परिश्रम के बल पर स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं व्यंकटेश अय्यर की दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
28 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों तनु भान को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि महाराष्ट्र निदेशालय, संपूर्ण एनसीसी संगठन तथा एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बनी है।
इन दोनों कैडेट्स को एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय के एनसीसी विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मंगेश विटेकर (से.नि.) तथा एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अक्षता परदेशी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस उल्लेखनीय सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति एवं अध्यक्ष प्रो. डॉ. विश्वनाथ कराड, कार्याध्यक्ष प्रो. डॉ. मंगेश कराड, प्रो. डॉ. सुनीता कराड, कुलगुरु डॉ. राजेश एस. तथा कुलसचिव डॉ. महेश चोपड़े ने दोनों कैडेट्स को हार्दिक बधाई दी है।


