क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मिलीं निर्मला सीतारमण, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली (mediasaheb.com)|। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक (MD) क्रिस्टिालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की। इस दौरान जॉर्जीवा और सीतारमण के बीच भू-राजनीतिक हालात के असर सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों के बीच यह मुलाकात मंगलवार को आईएमएफ और विश्व बैंक की सालाना बैठकों से इतर हुई।
वित्त मंत्री सीतारमण के साथ हुई इस मुलाकात में आईएमएफ प्रमुख ने भारत की आर्थिक नीतियों की सराहना की। क्रिस्टिालिना जॉर्जीवा ने कहा कि भारत की लक्षित नीतियों ने अर्थव्यवस्था को सीमित वित्तीय साधनों के साथ लचीला रखने में मदद की है। आईएफएम एमडी ने आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को दी गई भारतीय मदद की भी सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आईएमएफ श्रीलंका से सक्रिय रूप से जुड़कर काम करता रहेगा।
वित्त मंत्री सीतारमण की IMF प्रमुख के साथ हुई इस मुलाकात की जानकारी वित्त मंत्रालय ने ट्वीट कर दी। वित्त मंत्रालय ने ट्वीट में कहा कि निर्मला सीतारमण और क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा करते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव और इसके कारण ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से जुड़ी चुनौतियों के बारे में चिंता जताई है।(हि.स.)


