मुंबई,(mediasaheb.com) | फिल्मों, टीवी शो और सेलिब्रिटीज़ की जानकारी के लिए दुनिया के सबसे लोकप्रिय और भरोसेमंद प्लेटफॉर्म IMDb ने ‘सपने Vs एवरीवन’ के स्टार अंबरीश वर्मा को IMDb का “ब्रेकआउट स्टार” स्टारमीटर अवॉर्ड दिया है। यह अवॉर्ड IMDb ऐप पर प्रकाशित होने वाली लोकप्रिय भारतीय सेलिब्रिटीज़ की सूची में शानदार प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को दिया जाता है। यह सूची दुनिया भर में हर महीने IMDb पर आने वाले 250 मिलियन से अधिक लोगों के पेज व्यूज़ के आधार पर तैयार की जाती है और उभरते सितारों की पहचान करने में बेहद सटीक मानी जाती है, जो अपने करियर के बड़े मुकाम की ओर बढ़ रहे होते हैं।
सपने Vs एवरीवन में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ वर्मा ने इस मनोवैज्ञानिक ड्रामा सीरीज़ को बनाया, लिखा और निर्देशित भी किया है। यह कहानी दो महत्वाकांक्षी लोगों की यात्रा को दिखाती है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए कठिन और प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया का सामना करते हैं। वर्मा की शानदार परफॉर्मेंस को देशभर के दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिसके चलते उन्होंने लगातार दो हफ्तों तक लोकप्रिय भारतीय सेलिब्रिटीज़ की सूची में नंबर 1 और नंबर 2 स्थान हासिल किया। मई में दूसरे सीज़न के रिलीज़ होने के बाद, यह शो (जिसे IMDb ग्राहकों द्वारा 9.2/10 रेटिंग दी गई है) शीर्ष 250 टीवी शो की सूची में 171वें स्थान पर पहुंच गया।
वर्मा ने कहा, “यह अवॉर्ड मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि यह लोगों द्वारा तय किया जाता है। आज के समय में, जब कुछ अवॉर्ड्स लॉबिंग या किसी की सिफारिश से प्रभावित हो जाते हैं, ऐसे में यह सम्मान तभी मिल सकता है जब आप कुछ ऐसा बनाएं जिसे लोग सच में काबिल समझें। यह ठीक वैसा ही एहसास है, जैसा तब होता है जब ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ को IMDb पर अच्छी रेटिंग मिलती है। मुझे इस पर बहुत गर्व है।”
उन्होंने आगे कहा, “हाल ही में मैं IMDb की लोकप्रिय भारतीय सेलिब्रिटीज़ सूची में नंबर 1 पर भी रहा। मेरे जैसे इंसान के लिए, जो इंडस्ट्री से काफी दूर रहा है, यह एहसास बेहद खास था। मुझे पता है कि यह सब शो की वजह से हुआ — लोगों ने इसे देखा, मेरे काम को पसंद किया और फिर IMDb पर मेरे बारे में जानना चाहा। यह विश्वास करना मुश्किल होता है कि आप उस सूची में सबसे ऊपर पहुंच सकते हैं, क्योंकि जब मैं नीचे स्क्रॉल करके वहां मौजूद लोगों को देखता हूं, तो यह सच में अविश्वसनीय लगता है। ऐसी चीजें आपको भरोसा देती हैं कि अगर आप लगातार मेहनत करते रहें और सही तरीके से काम करते रहें, तो सफलता जरूर मिलेगी।”
IMDb “ब्रेकआउट स्टार” स्टारमीटर अवॉर्ड के पिछले विजेताओं में अहान पांडे, अनीत पड्डा, मोनिका पंवार, ज़हान कपूर, कानी कुसरुति, शरवरी, नितांशी गोयल, आदर्श गौरव, आयो एडेबिरी, माया हॉक और रेगे-जीन पेज शामिल हैं। IMDb STARmeter Awards के बारे में अधिक जानकारी imdb.com/starmeterawards पर देखी जा सकती है।


