बस्तर के कोंटा विधानसभा से भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत
रायपुर(mediasaheb.com) | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज से अपने भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री श्री बघेल बस्तर संभाग के दौरे पर हैं। बस्तर के कोंटा विधानसभा से उन्होंने अभियान की शुरुआत की है। भेंट-मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल आज रायपुर से कोंटा पहुंचे। यहां कोंटा के गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल में बने अस्थायी हैलीपेड पर उनके स्वागत के लिए भारी जनसमूह मौजूद था, जिन्होंने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री को छिंद पत्तों से बना परम्परागत गुलदस्ता भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने भी जनसमूह का अभिवादन किया। कोंटा में भेंट-मुलाकात से पूर्व मुख्यमंत्री श्री बघेल सबसे पहले राम लिंगेश्वर मंदिर पहुंचे और मंदिर में मौजूद स्तम्भ, शिवलिंग व नंदी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वाणिज्य मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज भी उपस्थित रहे।


