कमलनाथ सरकार पर बरसे शिवराज, मप्र में चल रहा नंगा नाच
भोपाल, (mediasaheb.com) राजगढ़ में कलेक्टर और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। भाजपा आज (बुधवार को) राजगढ़ में शक्तिप्रदर्शन करने जा रही है। भाजपा के कई दिग्गज नेता प्रदर्शन में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव प्रदर्शन में शामिल होंगे और कलेक्टर व एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
राजगढ़ जाने से पूर्व बुधवार सुबह अपने निवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा नेता और कार्यकर्ता ब्यावरा पहुंच रहे हैं। मैंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में किसी कलेक्टर को ऐसा अशोभनीय कृत्य करते नहीं देखा, जो शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने वालों का कॉलर पकड़कर खींचे, थप्पड़ मारे। ब्यावरा में जो कुछ हुआ उसे हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।
शिवराज ने कहा कि वो पांच बार सासंद रहे, विधायक रहे और तीन बार मुख्यमंत्री भी रहे लेकिन कलेक्टर का ऐसा व्यवहार मैंने पहले कभी नही देखा। कलेक्टर और एसडीएम थप्पड़ मारे, पूरे ब्यावरा को कैद खाना बना दिया। उन्होंने कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मप्र मे नंगा नाच चल रहा है। ऐसी घिनोनी हरकत बिना ऊपरी इशारे के नहीं हो सकती। मैडम सोनिया गांधी के इशारे पर कांग्रेस शासित राज्यों में यह हो रहा है। शिवराज ने कलेक्टर और एसडीएम के कृत्य को दंडनीय अपराध बताते हुए कहा कि दोषी अधिकारियों को निलंबित कर मामले की जांच की जानी चाहिए। शिवराज ने कहा कि हम नियमों के अंतर्गत कार्यवाही चाहते है। आज हम एफआईआर कराने जा रहे हैं।
मंत्री जीतू पटवारी और पीसी शर्मा पर भी साधा निशाना
शिवराज ने उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा बैठक में सांसद से बहसे करने और जनसंपर्क मंत्री द्वारा कार्यकर्ता को डांटने के मामले में दोनों मंत्रियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह मंत्री पद पर रहने के काबिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे मे इतने चूर हो गए हैं कुछ दिखाई नहीं देता। (हि.स.)।

