- तीन वर्ष से अधिक आयु समूह के छोटे बच्चों के लिए संचालित होगी बालवाड़ी
- कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी रोजगारोन्मुखी शिक्षा
- मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा का विजन डॉक्यूमेंट 2030 प्रस्तुत करते हुए की तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं
- मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर में दो दिवसीय जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शिक्षा समागम का किया उद्घाटन
रायपुर, (media saheb.com) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन बालदिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शिक्षा समागम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्कूली शिक्षा का विजन डाक्यूमेंट 2030 के तहत तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की तर्ज पर गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप विद्यालय संचालित किए जाएंगे। तीन वर्ष से अधिक आयु समूह के छोटे बच्चों के लिए बालवाड़ी का संचालन कर उन्हें पूर्व प्राथमिक शिक्षा प्रदान की जाएगी और कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान की जाएगी ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ किसी विधा विशेष में हुनर अर्जित कर सकें।(For English News : thestates.news)

