2 नवंबर तक कोरबा रेलवे स्टेशन पर मिलेगा निःशुल्क इलाज
कोरबा, (mediasaheb.com)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कोरबा रेलवे स्टेशन पर रेल चलित अस्पताल लाइफ लाइन एक्सप्रेस से स्वास्थ्य सुविधाओं का फीता काटकर शुभारंभ किया। देश की पहली चलित रेल अस्पताल लाइफ लाइन एक्सप्रेस दो नवंबर तक कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रहेगी और कोरबा वासियों का पूरी तरह निःशुल्क इलाज इसमें तैनात चिकित्सक करेंगे ।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस रेल चलित अस्पताल से अगले 21 दिनों तक कोरबा और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों से आए लोगों को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान रेल अस्पताल और उसकी सुविधाओं का भी अवलोकन किया तथा डाक्टरों से मुलाकात कर लोगों को अच्छा इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भूपेश बघेल ने लाइफ लाइन एक्सप्रेस में स्थित आपरेशन थियेटरों में आंखों की मोतियाबिंद का आपरेशन कराने आये मरीजों से भी मुलाकात की और उन्हें सफल आपरेशन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत, स्कूल शिक्षा मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, महापौर रेणु अग्रवाल सहित संभागायुक्त बी.एल.बंजारे, आईजी प्रदीप गुप्ता, कलेक्टर किरण कौशल, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह मीणा, इंडिया इंपेक्ट फाउंडेशन की ट्रस्टी रोगीनी चैगले भी मौजूद रहीं।
स्काउट गाईड के ढाई सौ से अधिक कैडेट भी रहेंगे तैनात- लाइफ लाइन एक्सप्रेस में जिले के ढाई सौ से अधिक स्काउट-गाईड और एनएसएस के कैडेटों की मदद ली जायेगी। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के ये कैडेट वालंटियर के रूप में तैनात रहेंगे। (हि स ) #Life-Line Express

