जोगी के खिलाफ जाति प्रमाण पत्र को लेकर एफआईआर दर्ज
रायपुर, (mediasaheb.com) । जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रमुख एवं पूर्व CM अजीत जोगी की गुरुवार देररात तबीयत खराब हो गई। इसके चलते उन्हें रात 11.15 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि गुरुवार रात आठ बजे से उनकी तबियत खराब होनी शुरू हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने डॉक्टर से सलाह ली लेकिन रात होते-होते उनकी तबियत और ज्यादा होने लगी। सीने में हल्का दर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जोगी के ओएसडी अशद रउफी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में रखा है। अभी हालत स्थिर बनी हुई है। अजीत जोगी के साथ उनकी पत्नी रेणु जोगी भी मौजूद हैं।
दरअसल, अजीत जोगी के खिलाफ गुरुवार देरशाम गौरेला थाने में भाजपा नेता समीरा पैकारा ने एफआईआर दर्ज कराई है। जाति छानबीन समिति के निष्कर्ष के बाद बिलासपुर के सिविल लाइंस थाने में अजीत जोगी के खिलाफ अपराध दर्ज कराया गया था। समीरा पैकरा ने अजीत के विरुद्ध फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने और उसका छलपूर्वक दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए अपराध दर्ज कराया है।
समीरा पैकरा ने यह एफआईआर तत्कालीन तहसीलदार पतरस तिर्की के उस शपथ पत्र के आधार पर की है, जिसमें पतरस तिर्की द्वारा यह दावा किया गया है कि उनके द्वारा जोगी का प्रमाणपत्र कभी जारी नहीं किया गया और जो उनके हस्ताक्षर हैं वे भी उनके नहीं हैं। समीरा पैकरा ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने उस फर्जी प्रमाण पत्र का लाभ लिया और छल किया। गौरेला थाने में अजित जोगी के खिलाफ धारा 420, 467, 471 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


