कोलकाता, (mediasaheb.com) लाठी-डंडे से पीटकर रविवार की सुबह हमलावरों ने एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी जबकि दूसरा भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया । दोनों भाजपा कार्यकर्ता सुबह में एक साथ चाय पी रहे थे तभी उनपर अकारण जानलेवा हमला किया गया । दूसरा घायल भाजपा कार्यकर्ता आरामबाग अस्पताल में जीवन–मौत से जूझ रहा है । भाजपा कार्यकर्ता की हत्या से भाजपा के लोग गुस्से में हैं । भाजपा ने तृणमूल पर हत्या का आरोप मढ़ा है । लोकसभा चुनाव बीतने के बाद से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्से में जारी राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। मृतक की पहचान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आमिर अली खान के तौर पर हुई है । वह हुगली जिले के आरामबाग पौर मंडल के वार्ड नंबर आठ अंतर्गत 105 नंबर बूथ का सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता था । दूसरा घायल भी भाजपा का कार्यकर्ता है जिसकी पहचान तारिकुल इस्लाम के रूप में हुई है । तारिकुल का इलाज आरामबाग अस्पताल में चल रहा है जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी है ।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सांगठनिक महासचिव सुब्रत चटर्जी ने रविवार अपराह्न इस बारे में ट्वीट किया। हत्याकांड के लिए तृणमूल को जिम्मेवार ठहराते हुए उन्होंने लिखा, “और एक मां की गोद को सुनी किया निर्लज्ज तृणमूल कांग्रेस ने। आरामबाग जिला के आरामबाग पौर मंडल के वार्ड क्रमांक 8 के 105 क्रमांक बूथ के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता आमिर अली खान को तृणमूल ने पीट-पीटकर मार दिया।”
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी दावा करती रही है कि लोकसभा चुनाव के बाद से अब तक पश्चिम बंगाल में 25 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है । हत्या से भाजपा के कार्यकर्ता काफी गुस्से में हैं । (हि.स.) ।


