नई दिल्ली, (mediasaheb.com) । तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने खिलाफ जी मीडिया समूह और इसके प्रमुख संपादक सुधीर चौधरी की ओर से दायर मानहानि की कार्यवाही पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जस्टिस बृजेश सेठी ने मोइत्रा की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुधीर चौधरी को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने चौधरी को 14 अक्टूबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
पिछले 25 सितम्बर को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने जी मीडिया समूह की ओर से महुआ मोइत्रा के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि के मामले में महुआ मोइत्रा को बतौर आरोपित समन जारी किया था। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने पिछले दो अगस्त को महुआ मोइत्रा के खिलाफ संज्ञान लिया था। इस मामले में जी मीडिया की ओर से दो गवाहों ने अपने बयान दर्ज कराए थे।
जी मीडिया ने महुआ मोइत्रा द्वारा चोर और पेड न्यूज कहे जाने के खिलाफ याचिका दायर किया है। सुनवाई के दौरान जी मीडिया की ओर से कोर्ट को वह वीडियो दिखाया गया था, जिसमें महुआ मोइत्रा जी न्यूज को चोर और पेड न्यूज कहा था। जी मीडिया की याचिका में कहा गया है कि महुआ मोइत्रा ने पिछले तीन जुलाई को जी मीडिया के खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं। याचिका में कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने अपने कठिन परिश्रम से प्रतिष्ठा अर्जित की है। महुआ मोइत्रा ने अपने बयान से जी मीडिया की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। पिछले 15 जुलाई को महुआ मोईत्रा ने जी न्यूज के प्रमुख सुधीर चौधरी के खिलाफ पटियाला हाउस कोर्ट में आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया। (हि.स.)


