नई दिल्ली, (media saheb.com)भारत ने पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर जैश के कई आतंकी कैंपों को तबाह कर दिया है। मंगलवार तड़के 3:30 बजे 12 लड़ाकू विमानों, मिराज-2000 से जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैम्पों पर हमला किया गया। हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले का भारत ने करारा जवाब दिया है। ऑपरेशन में बालाकोट, चकौती और मुजफ्फराबाद में मौजूद आतंकी लॉन्च पैड को तबाह कर दिया गया। इन तीनों जगहों पर जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने थे, जहां पर भारी बमबारी की गई है। भारतीय वायुसेना ने एलओसी पार कर पाकिस्तान सीमा में स्थित आंतकी ठिकानों पर हमला बोला। इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने 12 मिराज विमानों का सहारा लिया। भारतीय वायुसेना ने आतंकी ठिकानों पर 1000 किलोग्राम के बम बरसाए।
पाकिस्तान ने भी इस बात को स्वीकारा है कि भारतीय वायुसेना का विमान पाकिस्तान में घुसा और पेलोड छोड़ा। पाकिस्तान ने भारतीय वायु सेना पर नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि पुलवामा आतंकी हमले में भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इसके बाद से भारत-पाक के बीच तनाव बना हुआ था।(हि.स.)।


