रायपुर (mediasaheb.com)राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके आज नवा रायपुर, अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित दो दिवसीय पीडियाट्रिक कार्डियक सोसायटी ऑफ इंडिया के 20वें वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुई। राज्यपाल ने सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में नवनिर्मित ब्लड बैंक और इम्पेक्ट असेसमेंट एंड काउंसलिंग सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने अस्पताल का अवलोकन किया और ऑपरेशन के बाद स्वस्थ हो चुके बच्चों से मुलाकात की।
राज्यपाल सुश्री उइके ने अपने संबोधन में कहा कि श्री सत्य साई बाबा कहते थे कि मनुष्य का शरीर परोपकार के लिए है और इस परोपकार एवं निःस्वार्थ सेवा का अनूठा उदाहरण श्री सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल है। संस्था द्वारा जो सेवा कार्य किया जा रहा है वह मानव सेवा का अतुलनीय उदाहरण है। छत्तीसगढ़ का यह “बिना कैश काउंटर वाला अनोखा अस्पताल” पूरे विश्व में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। यहां हर वर्ष सैकड़ों बच्चे हृदय रोग का निःशुल्क इलाज कराकर स्वस्थ होकर जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बात से मुझे और ज्यादा प्रसन्नता होती है कि इस अस्पताल में भारत के छत्तीसगढ़ से सबसे ज्यादा 18 हजार से भी अधिक मरीज सलाह के लिए आ चुके हैं और छत्तीसगढ़ के ही 16 सौ से अधिक बच्चों के दिल की सर्जरी पूर्णतः निःशुल्क हो चुकी है।

