जगदलपुर, (media saheb.com) ग्राम कालीपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस और छोटी वैन में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 25 बच्चे घायल हो गए, इनमें से आठ को गम्भीर चोटें आई हैं। अन्य बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। सोमवार को परीक्षा के बाद बच्चों को लेकर दो बस और एक छोटी वैन दलपत सागर मार्ग से होते हुए शहर आ रही थी।
दो बसों के बीच बच्चों से भरी वैन चल रही थी। सामने चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिसके चलते तेज रफ्तार से बीच में चल रही वैन दोनों बसों के बीच चपेट में आ गई। जिससे वैन में बैठे स्कूल के 25 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद तत्काल इन बच्चों को पास ही के एमपीएम हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। कुछ बच्चों को तो सामान्य छोटे आई हैं, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, वहीं आठ बच्चों को गम्भीर छोटे आई है। घायल बच्चे के पिता आंनद अग्रवाल के अनुसार स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे, जिसके चलते उक्त घटना घटी है। वैन की क्षमता दस बच्चों वाली है, जबकि उसमें 25 बच्चे भर दिए गए थे।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अग्रवाल का कहना है कि घटना के बाद स्कूल के चेयरमैन से बात की गई लेकिन उन्होंने इस घटना को हल्के में लेते हुए सामान्य घटना करार दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि निजी स्कूलों में फीस तो मोटी ली जाती है, मगर सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं होता। स्कूल प्रबंधक अंकुश जैन का कहना है की वैन में 10 ही बच्चे सवार थे, घटना के तुरंत बाद ही स्कूल स्टाफ अस्पताल पहुंच गया और बच्चों का इलाज स्कूल प्रबंधन के द्वारा कराया जा रहा है। फिलहाल बच्चों का इलाज एमपी एम हॉस्पिटल में जारी है।(हि.स.)।

