‘छाप तिलक’ रीक्रिएशन से बॉलीवुड में पांव जमाने वाली सावेरी का नया गाना ‘मनमानियां’ भी रिलीज
रायपुर (media saheb.com) गीत-संगीत के संस्कारों की धरती छत्तीसगढ़ की एक और प्रतिभा ने बॉलीवुड में धमाका कर दिया है। रायपुर की बेटी सावेरी वर्मा ने अमीर खुसरो के कालजयी गीत ‘छाप तिलक’ के रीक्रिएशन से गीत-संगीत की दुनिया में पांव जमाने के बाद नया गीत ‘मनमानियां’ रिलीज किया है, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।
बॉलीवुड की महिला गीतकारों में तेजी उभरते नामों में शुमार सावेरी वर्मा की जन्मस्थली रायपुर है। उन्होंने होली क्रॉस हायर सेकंडरी स्कूल से पढ़ाई की है। वे दुर्गा महाविद्यालय से कला संकाय में स्नातक हैं। वह श्रीराम संगीत महाविद्यालय से संगीत विशारद हैं और उन्होंने पंडित गुणवंत व्यास जी से संगीत की शिक्षा ली है। उनके पिता सी.एम. वर्मा डॉक्टर, अवकाशप्राप्त हैं और रायपुर के जाने-माने पैथोलॉजिस्ट हैं। गायन उनका शौक है। मां डॉ. संतोष वर्मा रायपुर मेडिकल कॉलेज में प्राध्यापक रही हैं। वे भी सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। उनका घर रायपुर के शारदा चौक में था।
घर से ही संगीत का माहौल मिला इसलिए सावेरी वर्मा की रुचि भी गीत-संगीत में ही विकसित हो गई और उन्होंने इसी क्षेत्र को अपने करियर के रूप में चुना। आज इंडिपेंडेंट म्युजिक के हर दूसरे गाने में सावेरी वर्मा के लिरिक्स दिखाई देते हैं। इसी ऋंखला में नया गाना ‘मनमानियां’ रिलीज हुआ है। कंगना रनौत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ के संगीतकार कृष्ण सोलो ने इसे तैयार किया है जबकि ‘बोल ना माही बोल ना’ फेम असीस कौर ने इस गाने को अपनी आवाज दी है।
सावेरी वर्मा ने इस बारे में बताया कि ये गाना वोक्सोरा म्युजिक लेवल के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। ये एक लव सॉंग है जिसमें एक प्रेमी युगल के बीच की नोक-झोंक के भाव उन्होंने अपनी कलम से उकेरी हैं। ‘मनमानियाँ’ सारे म्यूज़िक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स की प्ले लिस्ट पर आ चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों ने मेरे हर गाने को अपना आशीर्वाद और प्यार दिया है और उम्मीद है कि ‘मनमानियां’ गाना भी लोगों को बेहद पसंद आयेगा। उन्होंने बताया कि उनकी आने वाली शार्ट फिल्म ‘दोबारा अलविदा’ है जिसमें उन्होंने टाइटल गीत लिखा है।(the states. news)

