बिलासपुर(mediasaheb.com) आदिवासी आश्रम धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ में कम्प्यूटर केंद्र उपलब्ध नहीं था तथा संस्था द्वारा राज्य शासन से इस सम्बन्ध में आवश्यकता बताई जा रही थी। जिला कलेक्टर रायगढ़ के जरिये अब एसईसीएल ने उक्त संस्थान में कंप्यूटर भवन के निर्माण सह विधुत व्यवस्था के लिए 7. 7 लाख की राशि स्वीकृत की है। यह राशि कंपनी के सीएसआर फंड से देय होगी . इसी प्रकार जिला शासन के अधीन संचालित हो रहे चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स में कम्प्यूटरीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कंपनी ने कुल 14 सेंटरों के लिए डेस्कटॉप , प्रिंटर, यूपीएस सेट प्रदाय करने हेतु वित्तीय सहयोग का निर्णय लिया है। क्रय का कार्य जिला प्रशासन के जरिये पूरा होगा । इससे चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के द्वारा डाटा-संग्रहण तथा रिकॉर्ड के कार्यों में मदद मिलने की संभावना है। इसमें लगभग 6 . 98 लाख रुपये व्यय की संभावना है। जिले में स्वीकृत एक अन्य योजना में सारंगढ़ में सिल्क वर्म उत्पादन के लिए भवन निर्माण हेतु लगभग 16 लाख रुपये तथा वही के थ्रेडिंग यूनिट बिल्डिंग के रिनोवेशन हेतु लगभग 9 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है जिसे जिला प्रशासन के जरिये कार्यान्वित किया जाएगा।
विदित हो कि रायगढ़ जिले में कंपनी की कई खदानें अवस्थित हैं तथा मांड-रायगढ़ क्षेत्र को भविष्य का कोयला क्षेत्र भी माना जाता है। उक्त क्षेत्र में एसईसीएल की अनुषंगी कंपनियों द्वारा रेल कॉरिडोर का विकास भी किया जा रहा है जिसमें माल ढुलाई के साथ-साथ यात्री परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। (the states. news)


