लंदन, (mediasaheb.com) पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मुख्य आरोपित नीरव मोदी ने बीमारियों का बहाना बनाकर लंदन की अदालत में नई जमानत याचिका दायर की है। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
रिपोर्ट के मुताबिक, नीरव ने अपनी याचिका में कहा है कि वह अवसाद और बेचैनी से परेशान है, इसलिए उसे जमानत दे दी जाए। इससे पहले बार कोर्ट ने उसकी जमानत अर्जी चार बार खारिज की है। उधर भारतीय एजेंसियों ने शाही अभियोजन सेवा से कहा है कि अगर नीरव मोदी को जमानत दी गई तो वह लंदन से भी भाग जाएगा। नीरव की जमानत अर्जी पर अगले छह नवम्बर को सुनवाई होगी।
विदित हो कि नीरव मोदी को भारत वापस लाने के लिए भारतीय जांच एजेंसियां लगातार कोशिश कर रही हैं। वह और उसके मामा मेहुल चोकसी की जांच ईडी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रहे हैं। घोटाले में नाम सामने आने के बाद से ही नीरव मोदी के खिलाफ जांच एजेंसिया कार्रवाई कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के कानून के तहत नई जमानत याचिका दायर करने के लिए नए आधार बनाने की जरूरत होती है, इसलिए मोदी ने बीमारियों का बहाना बनाया है। (हि.स.)।


