रायपुर/राजनांदगांव,(mediasaheb.com) नक्सली मुठभेड़ में शहीद बीएसएफ जवान तुमेश्वर का पार्थिव शरीर डोंगरगढ़ ब्लाक के खुर्सीटिकुल पहुंचा। आंखों में आंसू लिए लोग शहीद अमर रहे के नारे लगाते दिखे। सुबह जब शहीद जवान का शव तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा तो पत्नी दीपा यादव का सब्र टूट गया। अपने शहीद पति के शव पर हाथ रखकर रोते हुए बोली कि छत्तीसगढ़ में एक भी नक्सली को छोड़ना मत। इनमें से कोई भी जिंदा नहीं बचना चाहिए। इसके बाद बीएसएफ और जिला पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इसके बाद शहीद की शव यात्रा निकली गयी जिसमें पूरा गाँव शामिल हुआ । दो साल के बेटे को गोद में लिए शहीद जवान की वीरवधु ने बिलखते हुए पति को अंतिम विदाई दी। उल्लेखनीय है कि जिले के खुर्सीटिकुल निवासी तुमेश्वर यादव बीएसएफ के 114 बटालियन में आरक्षक के पद पर थे । आरक्षक तुमेश्वर पखांजूर में तैनात थे । गुरुवार को अपने बटालियन के साथ सर्चिंग में निकले थे। इस दौरान पखांजूर से 35 किलोमीटर दूर परतापुर थाना के मोहला जंगल में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फोर्स पर हमला कर दिया। घटना में चार जवान शहीद हुए हैं जिसमें तुमेश्वर भी शामिल हैं।(हि.स.)।


