रायपुर, (media saheb) अंतागढ़ टेपकांड मामले में अपर सत्र न्यायाधीश द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज करने के बाद अब पुनीत गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। पूर्व सीएम रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता ने अंतागढ़ टेपकांड मामले में एसआईटी बनाने और अपने ऊपर हुए एफआईआर को गलत बताते हुए इसके खिलाफ याचिका लगाई है। इससे पहले पुनीत गुप्ता ने रायपुर में अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। याचिका में पुनीत ने राज्य सरकार के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डीजीपी और किरणमयी नायक को पक्षकार बनाया है।
पुनीत गुप्ता की याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी। इस मामले में पूर्व कांग्रेस नेता मंतूराम पवार की याचिका पर भी बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई सोमवार को होनी है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के विवादास्पद अंतागढ़ टेपकांड मामले में रायपुर के पंडरी थाने में कांग्रेस नेता किरणमयी नायक ने आईपीसी की अलग-अलग धाराओं के तहत एक नया एफआईआर दर्ज करवाया है।
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, अमित जोगी, पुनीत गुप्ता, पूर्व कांग्रेस नेता मंतूराम पवार और पूर्व मंत्री राजेश मूणत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। हालांकि इस मामले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने सबूतों के अभाव में काफी समय पहले ही केस खारिज कर दिया था। लेकिन कांग्रेस की नई सरकार के आने के बाद फिर से नया केस दर्ज किया गया है। हि.स.


