नईदिल्ली, (mediasaheb.com) डब्लू एच ओ के मुताबिक मास्क पहनने की जरूरत उन जगहों पर ही है जहां पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया जा सकता। डब्लू एच ओ ने बताया है कि फेस मास्क किन लोगों को पहनना जरूरी है और किन परिस्थितियों में पहना जाना चाहिए। लिहाजा डब्लू एच ओ ने अब मास्क पहनने संबंधी नए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
मास्क कैसे तैयार किया जाए और उसमें लगने वाले कपड़े और धागे तक की WHO ने जानकारी दी है। बताते चलें कि मास्क पहनने संबंधी दिशानिर्देशों को लेकर डब्लू एच ओ बीते दिनों खूब आलोचना हुई थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन पर यह भी आरोप लगे मास्क न लगाने संबंधी दिशानिर्देशों की वजह से कोरोना दुनियाभर में तेजी से फैल गया।
कैसी होनी चाहिए मास्क की क्वालिटी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मास्क की क्वालिटी और इसपर हुए नए शोध के बारे में जानकारी दी है। कपड़े और अन्य प्रकार के मास्क से संबंधित जानकारी शामिल की है। WHO के मुताबिक फेस मास्क को बाजार से खरीदा जा सकता है और घर में भी बनाया जा सकता है। उसमें तीन परतें होनी चाहिए। सूत का अस्तर, पोलिएस्टर की बाहरी परत, और बीच में पोलिप्रोपायलीन की बनी ‘फिल्टर’ जैसी परत।
विश्व स्वास्थ्य संगठन का मानना है कि सभी देशों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए। साथ ही ऐसी जगहों पर भी जहां पर कम्यूनिटी ट्रांसमिशन जैसी स्थितियां हों। रेल, बस जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी मास्क का इस्तेमाल करना जरूरी है।
डब्लू एच ओ दिशानिर्देश
डब्लू एच ओ के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रॉस एडहेनॉम ने आगाह किया है कि फेस मास्क पर बहुत ज्यादा भरोसा करने से भी बचना होगा। उनके मुताबिक फेस मास्क इस बीमारी को हराने के लिए एक व्यापक रणनीति का हिस्सा भर है। बीमारी से बचने के लिए अन्य ऐहतियाती उपाय अपनाना भी उतना ही अहम है।

