नक्सली हिंसा पर झूठे प्रसारण का आरोप
रायपुर(mediasaheb.com) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रवक्ता व पूर्व विधायक रमेश वर्ल्यानी ने आर. भारत समाचार चैनल के चीफ एडीटर अर्नब गोस्वामी और संवाददाता आलोक वर्मा को राजधानी के सीनियर एडवोकेट फैजल रिजवी के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें वर्ल्यानी ने अर्नब गोस्वामी व आलोक वर्मा को नक्सलियों के मुद्दे पर उनकी मानहानि जनक खबर चलाने के लिए खेद व्यक्त करने को कहा है। खेद व्यक्त नहीं करने पर वे धारा 499 के तहत मानहानि का दावा कोर्ट में पेश करने को बाध्य होगें।
श्री वर्ल्यानी के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आर भारत चैनल के चीफ एडीटर अर्नब गोस्वामी और संवाददाता आलोक वर्मा, रिपब्लिक टीवी, बाम्बे डाइंग कंपाउंड वर्ली, मुबंई, महाराष्ट्र, 400018 को भेजे गए लीगल नोटिस में कहा है कि रमेंश वर्ल्यानी पूर्व में रायपुर क्षेत्र से विधायक रहे हैं और वर्तमान समय में वे छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता व महामंत्री हैं, इसके अलावा वे समाज में एक विशेष और प्रतिष्ठित स्थान रखते हैं। आर. भारत चैनल सहित ऑनलाइन माध्यम द्वारा बीते एक मई को चलाया गया समाचार जिसका शीर्षक ‘‘ नक्सलियों को कांग्रेस का समर्थन -छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रवक्ता रमेश वर्ल्यानी ने कहा, नक्सलियों के साथ ठीक व्यवहार नही’’ था यह भ्रामक और पूरी तरह गलत है और इसे जानबूझकर दुर्भावनापूर्वक तोड़मरोड़कर प्रसारित किया है। इससे उनकी प्रतिष्ठा को अपूर्णीय क्षति पहुंची है और काफी पीड़ा हुई है।
अधिवक्ता द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस में कहा गया है कि श्री वर्ल्यानी और कांग्रेस पार्टी की संतुष्टि के लिए नोटिस प्राप्त होने के सात दिवस के अंदर बिना शर्त माफीनामा प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं करने की स्थिति में वे धारा 499 के तहत मानहानि का दावा कोर्ट में पेश करने के लिए बाध्य होगें।
गौरतलब है कि पिछले एक मई को आर भारत समाचार चैनल ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों पर हुये नक्सली हमले के संदर्भ में रमेश वर्ल्यानी के खिलाफ समाचार चलाते हुए कहा था कि कांग्रेस नक्सलियों का समर्थन कर रही हैं। जिसके बाद रमेश वर्ल्यानी ने इस समाचार को गलत एवं असत्य ठहराते हुये समाचार को लीगल नोटिस भेजने की घोषणा की थी।


