कोलकाता, (mediasaheb.com)। राजधानी कोलकाता के ईडेन गार्डेंस स्टेडियम में हो रहे ऐतिहासिक गुलाबी गेंद डे-नाइट टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने बांग्लादेश पर शानदार शिकंजा कसा है। शुक्रवार रात पहले दिन के मैच समापन तक टीम इंडिया ने तीन विकेट खोकर 174 रन बना लिए हैं। यह बांग्लादेश द्वारा पहली पारी में बनाए गए 106 रनों पर 68 रनों की बढ़त है। इस शानदार पहले दिन के खेल की वजह से न केवल टीम इंडिया का उत्साह बढ़ा है जबकि भारतीय दर्शकों का उत्साह भी बढ़ गया है। इसके साथ ही मैच और अधिक रोमांचक हो गया है।
तेज गेंदबाजों की अगुवाई में भारतीय टीम ने पहले बांग्लादेश की पहली पारी को 106 रन पर समेट दिया और फिर स्टंप्स के समय तीन विकेट खोकर 174 रन बना लिए। पहले दिन खेल समाप्ति के समय भारत की पहली पारी का स्कोर 46 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन है। विराट कोहली नाबाद 59 रन और अजिंक्य रहाणे नाबाद 23 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने अपनी नाबाद पारी में 93 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने 22 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 23 रन बनाए हैं। भारत के लिए चेतेश्वर पुजारा ने भी 105 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेली है। पुजारा के अलावा मयंक अग्रवाल 14 रन और रोहित शर्मा 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे हैं।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम को महज 106 रन पर समेटने में ईशांत शर्मा, उमेश यादव और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाजों ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। इशांत ने 12 ओवर में केवल 22 रन देकर पांच विकेट हासिल किए जबकि उमेश यादव ने तीन और शमी ने दो विकेट हासिल किए। बांग्लादेशी बल्लेबाजों का प्रदर्शन इतना निराशाजनक रहा कि 30.3 ओवर में ही पूरी टीम पवेलियन लौट गई। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी स्वीकार किया है कि पहले दिन बांग्लादेश का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है लेकिन वह दूसरे दिन अच्छा खेलेगी।


