रायपुर, (mediasaheb.com) CM भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के खिलाफ डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज हुई । ब्राह्मण समाज की ओर से शिकायत दर्ज करायी गई है। पुलिस ने धारा 153 (क) 505 के तहत FIR दर्ज किया है।
ब्राह्मण समाज का आरोप है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल ब्राह्मण समाज के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे थे। पिछले दिनों ब्राह्मण समाज के खिलाफ टिप्पणी करते नंदकुमार बघेल का एक वीडियो सोशल मीडिया में कसकर वायरल भी हुआ था।
पुलिस ने अवनेश पांडेय, सौमित्र मोहन मिश्रा और ब्राह्मण समाज के अन्य सदस्यों की शिकायत पर नंद कुमार बघेल के खिलाफ साम्प्रदायिक भावना को भड़काने और समाजिक माहौल खराब की धाराओं में FIR दर्ज किया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुट चुकी है। इस बात की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने पिता के बयान पर दुःख जताते हुए कहा था कि सोशल मीडिया में यह बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिए कार्यवाही नहीं होगी क्योंकि वे मुख्यमंत्री भूपेश के पिता हैं।
उन्होंने कहा कि एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो।

