रायपुर(mediasaheb.com) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुन्दरानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से 15 लाख रुपये हर खाते में डाले जाने संबंधी किए गए सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दी चुनौती पर विफल होने पर तंज कसा है। भाजपा प्रवक्ता श्री सुंदरानी ने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को खुली चुनौती दी थी कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस भाषण की सीडी या अन्य कोई प्रमाण प्रस्तुत कर दें जिसमें कांग्रेसी उन्हें यह कहते बता दें श्री मोदी ने कहा हो कि हर खाते में 15 लाख रुपए जमा कराएंगे। इसके लिए भाजपा ने उन्हें एक करोड़ रुपए देने की बात कही थी। लेकिन कोरी सियासी लफ्फाजी करने में लगे प्रदेश के मुख्यमंत्री ऐसा कोई प्रमाण पेश कर नहीं पाए हैं।
अब खिसियानी बिल्ली की तरह खंभा नोचते उनके सिपहसालार भी इस चुनौती पर सियासी लफ्फाजी पर उतारू हो गए हैं। श्री सुंदरानी ने कहा कि इस मुद्दे पर कोई प्रमाण या सीडी प्रस्तुत करने में विफल रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके चाटुकार सिपहसालार अब इस तरह के झूठे और भ्रामक आरोपों की राजनीति से बाज आएं। अन्यथा राहुल गांधी की तरह ही समूचे कांग्रेस को देश मजाक का पात्र समझ लेगा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देनी चाहिए क्योंकि वे भाजपा नेता रामविचार नेताम की चुनौती स्वीकार करने में असफल रहे और अब 15 लाख खाते में आने का प्रश्न वाली झूठ न फैलाए।
उन्होंने कहा कि बड़े ही साहस के साथ कांग्रेस की पांच वर्ष से परोसी जा रही झूठ को बेनकाब करने के लिए श्री रामविचार नेताम बधाई के पात्र हैं। भारतीय जनता पार्टी अपने नेता श्री नेताम का इस उपलब्धि के लिए हार्दिक अभिनंदन करते हैं। श्री सुंदरानी ने कहा कि इस बड़े खुलासे के बाद कांग्रेस शर्मसार है और अपने जमानतशुदा प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष की साख अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर में ही पंद्रह आना की नही रह गयी है। प्रदेश और देश की जनता से हाथ जोड़ कर कांग्रेस सरगनाओं को माफी मांगनी चाहिए।


