मुंबई, (mediasaheb.com) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के बाद एसबीआई के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह को 1008 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली करने में मदद मिली है।
बुधवार को विशेष अदालत (पीएमएलए) के सख्त निर्देशों के बाद विजय माल्या की यूनाइटेड ब्रेवरीज लिमिटेड (यूबीएल) के शेयरों की बिक्री की गई। इससे बैंकों के कंसोर्टियम को 1008 करोड़ रुपये मिले हैं। जांच एजेंसी ईडी को किंगफिशर एयरलाइंस लिमिटेड (केएफएएल) और विजय माल्या मामले की जांच में पता चला था कि यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड (यूबीएल) से संबंधित शेयर्स और कई अन्य संपत्तियां येस बैंक के पास गिरवी रखी हुई हैं। ईडी को यह भी पता चला कि ऋण की राशि का भुगतान पहले ही केएफएएल की ओर से कर दिया गया था। केवल ऋण की न्यूनतम राशि ही बकाया थी। गिरवी रखे गए शेयर के साथ अन्य संपत्तियां एन्कंब्रन्स से मुक्त थे और येस बैंक के पास अंडर द प्लेज (प्रतिज्ञा के तहत नामांकित) रखे गए थे।
ईडी को इन शेयरों को फ्रीज करने के लिए पीएमएलए की स्पेशल कोर्ट के समक्ष आवेदन करना पड़ा। ईडी के आवेदन पर विशेष अदालत (पीएमएलए) ने 10 नवंबर, 2016 को आदेश जारी कर विजय माल्या को आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया था। विशेष न्यायालय ने गिरवी रखे गए शेयरों को भी अटैच करने का आदेश दिया था। इसके तहत येस बैंक के पास बतौर सुरक्षा गॉरंटी के रूप में रखे गए यूबीएल के 74,04,932 शेयरों सहित अन्य संपत्तियों को सीआरपीसी की धारा 83 के तहत प्रवर्तन निदेशालय ने अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यूबीएचएल के यह शेयर केएएल ने ऋण के बदले येस बैंक के पास गिरवी रखे थे। येस बैंक को डीआरटी बेंगलुरु से रिकवरी ऑफिसर ने एसबीआई की अगुवाई में बैंकों के कंसोर्टियम की ओर से एक नोटिस भेजा गया था। 9 जुलाई, 2018 को दिए गए आदेश में येस बैंक को यूबीएल के उक्त शेयरों को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया था।
हालांकि नवंबर, 2016 में ही पीएमएलए के निर्देश पर ईडी ने इन शेयरों को पहले ही फ्रीज कर दिया था, जिससे येस बैंक की ओर से रिकवरी अधिकारी के निर्देशों का पालन नहीं किया जा सका। इसके बाद डीआरटी ने आदेश के गैर-अनुपालन के लिए येस बैंक की संपत्तियों की कुर्की के लिए नया आदेश जारी किया था। डीआरटी के इस फैसले के खिलाफ येस बैंक ने कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने याचिका की सुनवाई के बाद येस बैंक को तीन सप्ताह के भीतर यूबीएचएल के शेयरों को रिकवरी अधिकारी के हवाले करने का निर्देश दिया। डीआरटी (बेंगलुरु) के रिकवरी अधिकारी ने यूबीएचएल के 74,04,932 शेयरों की बिक्री के लिए 11 मार्च, 2019 को नोटिस जारी की थी। बुधवार को इन शेयरों की बिक्री की गई। ईडी की ओर से किंगफिशर एयरलाइंस और विजय माल्या के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के बाद एसबीआई कंसोर्टियम को भी अपने बकाया ऋणों की वसूली का अवसर मिल गया।(हि स)।


