नई दिल्ली, (media saheb.com) भारत ने फेसबुक की स्वामित्व वाली मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप से कहा है कि वह उसकी प्रस्तावित नई गोपनीयता नीति को वापस ले। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने व्हाट्सएप को पत्र लिखकर सात दिनों के भीतर अपनी ‘गोपनीयता और डाटा हस्तांतरण और साझा नीतियों, और सामान्य व्यापार प्रथाओं’ से संबंधित मुद्दों को स्पष्ट करने के लिए कहा है। मंत्रालय का कहना है कि भारतीयों का उचित सम्मान किया जाना चाहिए और व्हाट्सऐप की सेवा, गोपनीयता शर्तों में कोई भी एकतरफा बदलाव उचित और स्वीकार्य नहीं है।
सोमवार को WhatsApp के वैश्विक प्रमुख विल कैथार्ट को संबोधित करते हुए एक ईमेल भेजा गया है। E-Mail में कहा गया है कि भारत में व्हाट्सएप के 40 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं। प्रस्तावित नीतिगत बदलावों का भारतीय नागरिकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसमें व्हाट्सएप से ई-मेल के सात दिनों के भीतर प्रस्तावित अपडेट से संबंधित 14 सवालों के जवाब देने को कहा है।
मंत्रालय का कहना है कि WhatsApp की सेवा और गोपनीयता नीति में प्रस्तावित बदलाव भारतीय नागरिकों की पसंद और स्वायत्तता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।
WhatsApp ने नई नीति के चलते आलोचना के बाद इसे लागू करने की अवधि को 8 फरवरी से बढ़ाकर 15 मई कर दिया था। व्हाट्सएप का कहना है कि उसकी नई अपडेट से व्यक्तिगत वार्तालाप या अन्य प्रोफ़ाइल जानकारी के संबंध में Facebook के साथ डाटा साझा नहीं किया जाएगा।(हि.स.) (the states. news)


