रायपुर,( mediasaheb.com ) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के संबंध में की गयी अनर्गल बयानबाजी की भर्त्सना की है। श्री उपासने ने कहा कि सत्ता का उन्माद कांग्रेस के सर चढ़कर बोल रहा है। अहंकार का चरम यह है कि अब वे अखिल ब्रम्हांड नायक श्रीराम को भी विभाजित करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राम कोई अलग नही हो सकते, वे भारत के राम है, विश्व के राम हैं। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर श्रीराम के अस्तित्व से ही इनकार कर दिया था। ये वही कांग्रेस है जिसकी सरकार ने सनातन आस्था के केन्द्रबिन्दु ‘रामसेतु’ को ही तोड़ने का निर्णय ले लिया। तब भी भाजपा के आंदोलनों के कारण श्रध्दा का वह हमारा सेतु बचा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामभक्तों के खून से सरयू को लाल करने वाली कांग्रेस के लोग अब श्रीराम की बात करने लगे हैं। ऐसे रामद्रोही लोगों द्वारा राम नाम जपना ‘कालनेमि’ होना हुआ। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश से कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो रहा, तब हारे को हरिनाम की तर्ज पर अब उसे श्रीराम की याद आ रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री चौबे शायद अपने मुखिया के इशारे पर ही श्रीराम को अपमानित करने का काम कर रहे हैं, उन्हें इससे बाज आना चाहिए और अपने कृत्य के लिए सार्वजनिक माफी मांगना चाहिए। श्री उपासने ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल खासकर जिस तरह पारिवारिक रूप से राम द्रोह के कारण जाने जाते है, अब लग रहा सीएम होने के बाद उसी एजेंडे को पूरा करने श्री चौबे के कंधे का इस्तेमाल तो नही कर रहे, भाजपा प्रवक्ता ने चौबे को ऐसा मोहरा होने से बचने का सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अपना मतलब सध जाने पर अमितेष शुक्ल की तरह ही उन्हें भी सीएम अपमानित कर बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता आती जाती रहती है, पर मंत्री को अपनी संस्कृति और संस्कार नही भूलना चाहिए।


