नामांकन 28 मार्च से 4 अप्रैल तक
रायपुर(mediasaheb.com) लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही रायपुर लोकसभा क्षेत्र में भी आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. बसवराजु एस. ने सोमवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2019 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही रायपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव की तैयारियां शुरु हो गई है। रायपुर में 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 28 मार्च से 4 अप्रैल तक प्रत्याशियों व्दारा नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 अप्रैल को होगी तथा 8 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतगणना 23 मई को होगी।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र में रायपुर जिले की सात विधानसभा सहित बालौदाबाजार-भाटापारा जिले की दो विधानसभा इस तरह कुल 9 विधानसभा क्षेत्र आते है जिनमें कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 96 हजार 463 हैं। इनमें 264 ट्रांसजेन्डर मतदाता भी शामिल है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा सेना के 607 सर्विस मतदाता भी डाक मतपत्र के माध्यम से अपना वोट डाल सकेगें। जिन्हें डाक मतपत्र भेजा जाएगा। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 64 हजार 865 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 31 हजार 334 है। रायपुर जिले में 18 से 19 आयु वर्ग के कुल 34097 मतदाता है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 9 विधानसभा क्षेत्र शामिल है।
इनमें बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग तथा अभनपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। नए मतदाताओं को जोड़ कर तथा संशोधित की गई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 फरवरी को किया जा चुका है।

