रायपुर(mediasaheb.com) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जांजगीर चांपा जिले से हेलीकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे प्रदेश के नवगठित गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की ग्राम पंचायत जोगीसार पहुंचे। उन्होंने यहां कैम्पा मद से नरवा विकास योजना के अंतर्गत जैतरणी नाला पर 36 लाख 53 हजार रुपये की राशि से निर्मित स्टाप डेम का निरीक्षण किया। श्री बघेल नेे इस अवसर पर नरवा विकास योजना के तहत जैतरणी नाला पर ही 4 करोड़ 99 लाख रुपये की राशि के कराए गए भूजल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण किया। तत्पश्चात उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत तथा राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने जैतरणी नाला से लाभान्वित कृषक शोभाराम उरांव, उदय गोड, शंकर गोड, ठाकुर भानू, महेश सिंह राजपूत से चर्चा की। इन कृषकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जब से जैतरणी नाला में स्टाप डेम का निर्माण हुआ है तब से नाला में बारह महीने पानी उपलब्ध होने लगा है। पानी उपलब्ध होने के कारण पालतू जानवरों को पानी के लिए भटकना नही पड़ रहा है और न ही जंगली जानवर गांव की ओर आ रहे है । इससे ग्रामीण जन जीवन सुरक्षित है।(the states. news)

