बिलासपुर(mediasaheb.com) देश में कोरोना संक्रमितों के ईलाज के लिए आक्सीजन की उपलब्धता की चुनौतियों के बीच महारत्न कम्पनी कोलइण्डिया लिमिटेड ने देशभर में कई स्थानों पर आक्सीजन प्लांट लगाने हेतु वित्तीय सहयोग करने का फैसला किया है। कम्पनी ने इस हेतु ’’मिशन प्राणवायु’’ लान्च की है जिसके जरिए हास्पिटल एवं कोविड केयर सेन्टरों में आक्सीजन प्लांटों की स्थापना तथा वेन्टीलेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
कम्पनी झारखंड के सिमडेगा जिला अस्पताल में 99 लाख रूपये की लागत से आक्सीजन संयंत्र स्थापित कर रही है जिसमें हास्पिटल में आईसीयू से जुड़े निर्माण कार्य भी शामिल हैं। बिहार के दानापुर रेल्वे स्टेशन के रेल्वे हास्पिटल में 55 लाख रूपये की सहायता से आक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। यह ईस्ट सेन्ट्रल रेल्वे का एक प्रमुख अस्पताल है। इसी तरह कोलकाता के भवानीपुर में पुलिस हास्पिटल के लिए कोविड वार्ड हेतु वेन्टीलेटर की व्यवस्था के लिए कम्पनी लगभग 47 लाख रूपये खर्च कर रही है। बिहार एवं झारखंड राज्य के लिए एक स्वैच्छिक संस्था के जरिए, कम्पनी 10 जगहों पर आक्सीजन बैंक संचालित कर रही है।
इस प्रकार का आक्सीजन बैंक पश्चिम बंगाल के नादीया जिले में भी संचालित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश एवं छत्तीसग-सजय़ राज्य में संचालित कोलइण्डिया की सहायक कम्पनी एसईसीएल ने मध्यप्रदेश के कुछी-धार तथा बुधनी-सिहोर में 300 एलपीएम क्षमता के दो पीएसए आक्सीजन प्लांट लगाने हेतु सीएसआर मद से 1 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में एसईसीएल समेत कोलइण्डिया लिमिटेड की सभी अनुषंगी कम्पनियों ने मिलकर सीएसआर मद में 523 करोड़ रूपये व्यय किए जिनमें 264 करोड़ रूपये अर्थात् लगभग आधे से अधिक की राशि कोविड के रोकथाम एवं ईलाज से जुड़े मदों में खर्च की गयी।

