नई दिल्ली,(mediasaheb.com)। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने में केजरीवाल सरकार को विफल करार देते हुए रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लोगों को प्रदूषणरोधी मास्क बांटे।
तिवारी ने इस मौके पर कहा कि प्रदूषण रोकने में केजरीवाल सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को भाग्य के भरोसे छोड़ दिया, इसलिए बढ़ते प्रदूषण से लोगों का दम घुटने लगा है। बढ़ते प्रदूषण के कारण सुबह लोग सैर करने की जगह घर में ही रहना पसंद कर रहे हैं। बच्चे सुबह मास्क लगाकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। नौकरीपेशा लोग इस बढ़ते प्रदूषण के बीच ही अपने कामकाज पर जाने के लिए विवश हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन केजरीवाल सरकार प्रदूषण रोकने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। मास्क बांटकर हम सोई हुई केजरीवाल सरकार को जगाने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि सरकार काम करने की बजाय विज्ञापनों में प्रदूषण को कम करने का दावा कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदूषण रोकने के लिए काम कर रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण दिल्ली में लगातार प्रदूषण कम हो रहा है जिसका श्रेय अरविन्द केजरीवाल देश और विदेश में लेने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में केजरीवाल सरकार के खिलाफ मतदान करके दिल्ली के लोग भाजपा की सरकार बनाएंगे और रुके हुए कामों को गति मिलेगी। (हि.स.)


