रायपुर(mediasaheb.com) भाजपा का ऐसा मानना है, जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं होती है, वहां पर बंगाल की तरह हिंसा होती है। बंगाल में हो रही हिंसा से छत्तीसगढ़ के लोगों को रूबरू कराने के लिए भाजपा ने बड़ी योजना तैयार की है। भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश के निर्देश पर हर जिले में 2 जून को वेबिनार का आयोजन करके बंगाल के हालात की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए जहां बंगाल के कई भाजपा नेता यहां आएंगे, वहीं यहां के नेता भी वहां की जानकारी लेकर वेबिनार में हालात बताएंगे।
शिवप्रकाश यहां पर 3 दिनों के दौरे पर आए हैं। वे बंगाल के प्रभारी रहे हैं। यहां पर प्रदेश संगठन की बैठक लेकर मुख्य रूप से दो मुद्दों पर लंबी चर्चा की गई। इसमें सबसे अहम बंगाल में चुनाव के पहले और चुनाव के बाद वहां पर ममता बैनर्जी की सरकार बनने के बाद जो हिंसा के हालात पैदा हुए हैं और जिस तरह से वहां पर BJP नेताओं की हत्या हुई और उनके साथ मार-पीट हुई और राज्य में जिस तरह की स्थिति निर्मित हुई है, उसके बारे में भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता को अवगत करने का फैसला किया है। इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण यह है कि भाजपा यह बताना चाहती है कि जहां भाजपा की सरकार नहीं होती है, वहीं पर कैसी स्थिति होती है। इसके लिए हर जिले में वेबिनार के माध्यम से तीन-तीन सौ अलग-अलग वर्ग के लोगों को लिंक भेजकर जोड़ा जाएगा और बंगाल के बारे में बताया जाएगा।
मोदी के 7 साल पर कार्यक्रम
30 मई को केंद्र की मोदी सरकार के 7 साल पूरे होंगे। इस मौके पर प्रदेश के हर नेता को 2-2 गांवों तक जाने का जिम्मा दिया गया है। ये नेता गांवों में जाकर जहां काढ़ा, मास्क और राशन बांटेंगे। इसी के साथ केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में जनता को जानाकारी दी जाएगी। इसी के साथ सेवा के और कई कार्यक्रम बनाए गए हैं।(the states. news)

