नई दिल्ली, (mediasaheb.com) पंजाब के पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को पाकिस्तान ने श्री करतारपुर साहिब कॉरीडोर के उद्घाटन के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया है। इसी संबंध में आज उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि नवजोत सिद्धू ने क्लीयरेंस के लिए आवेदन किया है और अगर उन्हें क्लीयरेंस और परमिशन दोनों मिलती हैं तो वह अवश्य पाकिस्तान जाएंगे।
नवजोत कौर ने कहा कि नवजोत सिद्धू को करतारपुर कॉरीडोर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के कार्यालय से विशेष आमंत्रण आया है। नवजोत सिद्धू ने पाक जाने की मंजूरी के लिए विदेश मामलों के मंत्री एस जयशंकर को पत्र भेजा है।
दरअसल भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि सिद्धू को पाक जाने के लिए मंजूरी लेनी होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि जहां तक मैं जानता हूं कि इस प्रक्रिया के लिए सामान्य नियम ही लागू होते हैं। रवीश कुमार का कहना है कि जिन्हें पाकिस्तान बुलाना चाहता है उन्हें राजनीतिक मंजूरी लेनी होगी।
इस कॉरिडोर के जरिए भारत के नागरिक बिना वीजा के करतारपुर साहिब जा सकेंगे। श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर शुरू हो रहे इस कॉरिडोर के चालू हो जाने पर सिख श्रद्धालु एक ही दिन में सरहद के दोनों तरफ बने डेरा बाबा नानक और करतारपुर साहिब गुरुद्वारों के दर्शन कर सकेंगे।


