रायपुर(mediasaheb.com) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘न्याय’ योजना की सराहना की. उन्होंने कहा कि इसके तहत देश के 20 प्रतिशत ग़रीब लोगों को हर साल 72000 रुपए की आर्थिक मदद की जाएगी. CM भूपेश ने कहा कि इस घोषणा से साबित हो गया है कि देश के ग़रीबों, किसानों और आदिवासियों की चिंता सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी कर सकती है|
भूपेश बघेल ने कहा कि इससे पहले राहुल गाँधी ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में किसानों का कर्ज़ माफ़ करने की घोषणा की थी और हमें ख़ुशी है कि सरकार बनने के दस दिनों के भीतर ही किसानों के खातों में पैसा जाना शुरु हो गया था. हमारी सरकार ने किसानों को धान का मूल्य 2500 रुपए प्रति क्विंटल देने का फ़ैसला किया|
PM मोदी पर साधा निशाना
भूपेश बघेल ने कहा कि एक ओर देश में भारतीय जनता पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिनका एजेंडा गिने चुने उद्योगपतियों और कारोबारियों का कर्ज़ माफ़ करना है. जब किसानों को देने की बारी आती है तो वे एक साल में छह हज़ार रुपए देने की बात करते हैं. यानी हर दिन साढ़े तीन रुपए देने की बात करते हैं. किसानों का कर्ज़ माफ़ करने और किसानों को बोनस देने पर उन्हें आपत्ति होती है|
ग़रीबी दूर करने में मददगार होगी
पत्रकारवार्ता में भूपेश बघेल ने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार आई तो इस ‘न्याय’ योजना को लागू किया जाएगा. इसके तहत देश के 20 प्रतिशत ग़रीब लोगों को हर साल 72000 रुपए की आर्थिक मदद की जाएगी. जैसा कि राहुल गांधी ने कहा, हर धर्म, हर जाति और हर संप्रदाय के ग़रीब लोगों के बैंक खातों में यह राशि सीधे डाल दी जाएगी.इसके लिए न्यूनतम आय की सीमा 12000 तय की गई है. तो 12000 से जितनी आमदनी कम होगी, उसकी भरपाई सरकार की ओर से की जाएगी. उदाहरण के तौर पर यदि किसी परिवार की मासिक आय 6000 है तो शेष 6000 की राशि सरकार की ओर से दी जाएगी. इस योजना के बारे में दुनिया भर के आर्थिक मामलों के विशेषज्ञों से चर्चा हो चुकी है और यह आर्थिक रूप से संभव योजना है|


