नई दिल्ली, (mediasaheb.com)। भारत ने उत्तर-पूर्व सीरिया में कुर्द लड़ाकों के खिलाफ तुर्की की सैन्य कार्रवाई पर चिंता जाहिर की है। भारत ने कहा है कि तुर्की की कार्रवाई से इस क्षेत्र की स्थिरता और आतंक के खिलाफ लड़ाई कमजोर होगी। इस एक तरफा कार्रवाई से मानवीय और नागरिक संकट भी पैदा हो सकता है।
भारत ने कहा है कि तुर्की को सीरिया की सीमा और संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए। इसके अलावा क्षेत्र से जुड़े सभी विवादों को संवाद और वार्ता के जरिए निपटाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि तुर्की के सैन्य बलों ने उत्तरपूर्वी सीरिया में लड़ाकू जेट विमानों द्वारा सीमा क्षेत्र पर बमबारी करने के बाद जमीनी स्तर पर भी हमला शुरू कर दिया है। बुधवार देर रात एक बयान में तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सैनिकों ने सीरिया के विद्रोही बलों के साथ-साथ यूफ्रेट्स नदी के पूर्व में सीरिया की सीमा में प्रवेश किया था। (हि.स.)


