रायपुर( mediasaheb.com ) भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की राजधानी में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को अपमानित करने वाले पोस्टर लगाए जाने का कड़ा विरोध किया है। पार्टी ने इसे कांग्रेस की कायराना हरकत बताकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि एक ओर जब पूरा देश महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाकर उनके विचारों का अवगाहन कर रहा है, तब दूसरी ओर कांग्रेस के लोग इस अवसर को विवादित करने की कुत्सित मानसिकता से ग्रस्त नजर आ रहे हैं। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का अपमान करने वाला गुमनाम पोस्टर लगाए जाने को कांग्रेस की करतूत बताते हुए भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने चुनौती दी कि कांग्रेस के नेताओं में नैतिक साहस हो तो वे अपने नाम इन पोस्टर्स पर लिखवाएं और सामने आएं। पर्दे के पीछे से ऐसे खेल करने वालों को क्या कहा जाता है, यह बताने की आवश्यकता नहीं है। यह तो निर्विवाद है कि महात्मा गांधी के प्रति समूचा देश सम्मान का भाव रखता है। भाजपा ने कभी महात्मा गांधी के प्रति कोई विवादित नजरिया नहीं रखा लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देश के अकेले ऐसे दुर्भाग्यशाली कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने गांधीजी की 150वीं जयंती को विवादित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की सरकार ने जिस तरह महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की रचना कर उनका सफल क्रियान्वयन किया, वह भाजपा के उदारवादी सर्वसमावेशी राजनीतिक चिंतन का एक अनुपम उदाहरण है। भाजपा की इन्हीं उपलब्धियों से कुंठित कांग्रेस गांधीजी को राजनीति में घसीट रही है इसके उलट गांधीजी के नाम पर वर्षों सत्ता सुख भोगने वाले कांग्रेसियों ने ही गांधी के विचारों और आदर्शों की हत्या का अपराध किया है। अपनी आत्मग्लानि के बोझ में छटपटाती कांग्रेस के नेता अब बेवजह गांधी जी के नाम पर घटिया राजनीतिक उपक्रम करके गोडसे बनाम गांधी के विवाद को जन्म दे रहे हैं जो छत्तीसगढ़ के समन्वयकारी शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण राजनीतिक परिवेश व संस्कृति के एकदम प्रतिकूल है। भाजपा और संघ परिवार से जुड़े कार्यकर्ता तो प्रतिदिन अपने प्रातः स्मरण एकात्मता स्तोत्र में महात्मा गांधी का श्रध्दापूर्वक स्मरण करते हैं। ऐसे में गांधी जयंती के वातावरण में विषवमन कर रहे कांग्रेस नेता खुद महात्मा गांधी के घोर अपमान का पाप कर रहे हैं, जिसके लिए उन्हें प्रायश्चित करना होगा।
भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि राजधानी में पोस्टर लगाकर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के अपमान की कांग्रेसी-करतूत को पार्टी घोर निंदनीय और कुत्सित मानसिकता का परिचायक मानती है। हमने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और इसके लिए कानून के रास्ते ऐसी विकृत मानसिकता के खिलाफ संघर्ष करेंगे, ताकि भविष्य में कभी भी राष्ट्र के प्रतीक पुरुषों का इस तरह अपमान न हो सके।

