रायपुर (mediasaheb.com)। भाजपा के पूर्व किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के नाम पर की जा रही राजनीति की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार केन्द्र सरकार पर सवाल उठाने के पहले प्रदेश के किसानों से किए गए वादे पूरे करे और कर्ज माफी के नाम पर भोले-भाले किसानों से की गई ठगी के लिए प्रायश्चित करे। श्री शर्मा ने किसानों की 14 अक्टूबर की ‘तगादा रैली’ के समर्थन की बात कही है।
पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार किसान सम्मान निधि को लेकर भ्रामक दुष्प्रचार करने पर आमादा है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को किसानों के साथ की गई धोखाधड़ी पर लज्जित होना चाहिए। बजाय इसके वे केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की नीयत और किसान सम्मान निधि योजना पर झूठ का रायता फैलाकर प्रदेश के किसानों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों की कर्जमाफी के नाम पर छलावा करने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार को हर किसान का हर कर्जा माफ करना था, फसल नुकसान का मुआवजा और शेष दो वर्षों का धान बोनस भी देना है। उन्होंने पूछा कि 10 दिनों में कर्जा माफी का शोर मचाकर अपने ही मुंह मियां मिठ्ठू बनते कांग्रेस के नेता इन वादों पर कब अमल करेंगे? कांग्रेस सरकार अपनी वादाखिलाफी पर मुंह चुराने का काम न करे।

