रायपुर (mediasaheb.com) CORONA का कहर कम होने के बाद अब मंत्रालय के साथ प्रदेश के सारे दफ्तर भी पूरी तरह से अनलॉक हो गए हैं। राजधानी रायपुर में दुकानों को खोलने के समय में हालांकि एक घंटे का इजाफा किया गया है, पर अब कारोबारी चाहते हैं कि सप्ताह के सभी दिन दुकानों खोलने की छूट मिले। इसको लेकर तर्क यह है कि एक तो शादियों के सीजन में रविवार को भी मुहूर्त हैं। इसी के साथ सरकारी कामकाजियों को खरीदारी के लिए रविवार का दिन ही मिलता है। चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अमर पारवानी का कहना है, कलेक्टर से रविवार के दिन भी दुकानें खोलने की मांग रखेंगे।
कोरोना के कारण करीब 2 माह तक बाजार लॉक रहा है। इसके कारण कारोबार बहुत ज्यादा प्रभावित हुआ है। कारोबारियों को इसका नुकसान भी उठाना पड़ा है। धीरे-धीरे दुकानें अनलॉक होते-होते अब कुछ सेक्टर को छोड़कर बाकी सारे सेक्टर अनलॉक हो चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी अभी कड़ाई जारी है। पहले बाजार 5 बजे तक अनलॉक हुए, इसके बाद एक घंटे का समय बढ़ा और 6 बजे तक बाजार खुले। अब बाजार 7 बजे तक बाजार खोलने की मंजूरी मिली है।
बाजार इस समय छह दिनों तक खुलने के बाद रविवार को पूरी तरह से सब कुछ लॉक चल रहा है। काेरोना का कहर लगभग थम गया है। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने सारे सरकारी दफ्तरों में सौ फीसदी उपस्थित के साथ दफ्तर खोलने का आदेश भी जारी कर दिया है। अब सोमवार से सारे दफ्तर खुल जाएंगे। इसको देखते हुए व्यापारिक संगठनों का कहना है कि अब रविवार का Lockdown भी समाप्त होना चाहिए। इसी के साथ कारोबारियों का कहना है, रविवार के दिन दुकानें खुलने से अवकाश के दिन खरीदारी करने वालों को राहत मिलेगी। ज्यादातर लोग अवकाश के दिन खरीदारी करना पसंद करते हैं। खासकर सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वालों को रविवार का ही दिन मिलता है। (the states. news)


