बिलासपुर(mediasaheb.com) महारत्न सार्वजनिक उपक्रम कोलइण्डिया लिमिटेड ने श्री केदारनाथ उत्थान चेरिटेबल ट्रस्ट बद्रीनाथ के साथ एमओयू समझौता किया है जिसके तहत उत्तराखण्ड के बद्रीनाथ-जोशीमठ में सड़कों के विकास के परियोजनाओं के लिए 19 करोड़ रूपये की सहायता दी जाएगी। उक्त आशय के एमओयू पर देहरादून में कोलइण्डिया लिमिटेड के निदेशक (कार्मिक/औद्यो.संबंध) श्री एस.एन. तिवारी तथा उत्तराखण्ड सरकार के पर्यटन सचिव श्री दिलीप जावलकर ने हस्ताक्षर किए।
इस परियोजना की मुख्य विशेषता यह है कि भारत चीन सीमा पर अवस्थित तथा भारत के अंतिम कोने पर मौजूद गाँवों में से एक माना गाँव को सर्वकालिक सड़क उपलबध हो जाएगी। यह गाँव समुद्र तल से 3200 मीटर की ऊँचाई पर है तथा प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर से कुछेक किलोमीटर समीप ही स्थित है। इस सड़क परियोजना से आसपास के 90 गाँवों को फायदा होगा तथा सुदूर पर्वतीय अंचलों में अवसर के नए द्वार खुलेंगे। इस संबंध में कोलइण्डिया जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री केदारनाथ चेरिटेबल ट्रस्ट केदारनाथ के समीपवर्ती क्षेत्रों में विकास एवं पुर्नविस्थापन का कार्य करती है तथा वर्ष 2013 के केदारनाथ के भूस्खलन एवं बाढ़ आपदा के दौरान संस्थान ने उल्लेखनीय कार्य किया था। उत्तराखण्ड सरकार के मुख्य सचिव तथा पर्यटन सचिव इस ट्रस्ट के क्रमशः मैनेजिंग ट्रस्टी एवं ट्रस्ट सेक्रेट्री हैं।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोलइण्डिया लिमिटेड ने सामाजिक उत्थान के निमित्त संचालित सीएसआर कार्यों में लगभग 90 करोड़ रूपये खर्च किए है।(the states. news)

